Hemant Soren Gift: महिला दिवस पर हेमंत सोरेन की झारखंड की 38 लाख महिलाओं को बड़ी सौगात, आज से खाते में जाएंगे 7500 रुपए
Hemant Soren Gift: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर झारखंड की 38 लाख महिलाओं को सीएम हेमंत सोरेन की बड़ी सौगात मिलने जा रही है. आज से तीन महीने की राशि 7500 रुपए एक साथ महिला लाभुकों के खाते में डाले जाएंगे. करीब 18 लाख को होल्ड पर रखा गया है. सत्यापन के बाद राशि भेजी जाएगी.
By Guru Swarup Mishra | March 8, 2025 5:40 AM
Hemant Soren Gift: रांची-झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लगभग 38 लाख लाभुकों के बैंक खाते में शनिवार से राशि भेजी जायेगी. इस मद में लगभग 2850 करोड़ रुपये खर्च होंगे. एक महिला लाभुक को जनवरी से मार्च तक के लिए कुल 7500 रुपये मिलेंगे. समाज कल्याण विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है. राशि निकासी को लेकर शुक्रवार को ट्रेजरी को बिल भेज दिया गया था. झारखंड में मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को दिसंबर तक की राशि छह जनवरी को दी गयी थी. सरकार द्वारा जारी संकल्प के अनुसार दिसंबर के बाद वैसे लाभुक को राशि ट्रांसफर नहीं की जा सकती, जिनका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है. इस कारण प्रथम चरण में वैसे लाभुकों को ही राशि दी जा रही है जिनका बैंक खाता आधार से लिंक है. इनकी संख्या राज्य में इस समय लगभग 38 लाख है.
दिसंबर में 56.61 लाख महिलाओं को दी गयी थी राशि
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत अगस्त 2024 में की गयी थी. योजना की शुरुआत में लगभग 41 लाख महिलाओं को सम्मान राशि दी गयी थी इसके बाद दूसरी किस्त की राशि 56, 61,791 महिलाओं को दी गयी थी. अब लगभग 38 लाख महिलाओं को एक साथ तीन माह की राशि दी जा रही है.
जो होल्ड पर हैं, उन्हें सत्यापन के बाद मिलेगी राशि
जिलों को आवेदन का सत्यापन भी करने को कहा गया था. जैसे-जैसे सत्यापन और आधार से बैंक खाता लिंक होने की प्रक्रिया पूरी होगी, शेष लाभुकों को भी राशि भेज दी जायेगी. तब तक इन लाभुकों की राशि को होल्ड पर रखा गया है. दिसंबर तक जितने लाभुकों को राशि दी गयी थी. उसके अनुसार, देखा जाये तो जनवरी से लगभग 18.61 लाख लाभुक का नाम होल्ड पर रखा गया है. जिलों में सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है. सत्यापन के बाद जिलों द्वारा अभी फाइनल संख्या जारी नहीं की गयी. सत्यापन के बाद अंतिम रूप से पता चल सकेगा कि इनमें से कितने आवेदन फर्जी थे.
Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है। रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।