Jharkhand Election: BJP ने उतारी प्रचारकों की फौज, कांग्रेस के स्टार प्रचारक गायब, JMM दे रहा जोरदार जवाब
Jharkhand Election: झारखंड कांग्रेस अपने बड़े नेताओं के मैदान में उतरने का इंतजार कर रही है. वहीं, भाजपा की दर्जनों रैलियों में स्टार प्रचारक रहे हैं. हालांकि, झामुमो बीजेपी को जोरदार जवाब दे रहा है.
By Sameer Oraon | November 6, 2024 7:40 AM
Jharkhand Election,रांची : कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लंबी-चौड़ी सूची जारी की थी. केंद्र से लेकर प्रदेश के 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया. मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी से लेकर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता डॉ रामेश्वर उरांव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद और विधायक स्टार प्रचारक हैं. भाजपा के स्टार प्रचारकों की जंबो टीम उतरी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री व सह प्रभारी हिमंता विश्वा सरमा जैसे दर्जनों नेता धुआंधार प्रचार कर रहे हैं.
झामुमो दे रहा भाजपा को जोरदार जवाब
एक-एक दिन में भाजपा की दर्जनों रैलियों में स्टार प्रचारक पहुंच रहे हैं. स्टार प्रचारक समीकरण साधने में लगे हैं. वहीं कांग्रेस को अपने बड़े नेताओं का इंतजार ही है. हालांकि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे झारखंड जरूर पहुंचे. कांग्रेस ने सचिन पॉयलट को भी उतारा, लेकिन कांग्रेस चुनावी अभियान में सुस्त-पस्त दिख रही है. प्रदेश कांग्रेस राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का टाइम ले रहा है. कांग्रेस के प्रदेश के नेता कुछ खास इलाके में ही नजर आ रहे हैं. एनडीए के खिलाफ मोर्चाबंदी में झामुमो पूरी ताकत से लगा है. हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन धुआंधर प्रचार कर रहे हैं. चुनावी सभाओं में भाजपा को जवाब दे रहे हैं.
चुनाव में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश का प्रभाव और दखल नहीं दिख रहा है. कांग्रेस अध्यक्ष का प्रभाव और दखल इस चुनावी अभियान में नहीं दिख रहा है. केशव महतो चुनाव में कोई कोण नहीं बना पा रहे हैं. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पूरे चुनावी सीन से गायब दिख रहे हैं. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो के सामने कांग्रेस अध्यक्ष का प्रभाव फीका है.
Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है। रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।