Mathura News: अपने भाई को यम की फांस यानी अकाल मृत्यु से बचाने के लिए हजारों बहनों ने बुधवार को यम द्वितीया पर भाई का हाथ थाम कर यमुना नदी डुबकी लगाई. इस दौरान विश्राम घाट पर सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही. यमुना में डुबकी लगाने के बाद भाई बहनों ने यम यमुना मंदिर में पूजन अर्चन किया और बहनों ने अपने भाई की सलामती की भगवान से प्रार्थना की. विश्राम घाट पर उमड़ी हजारों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की है. बुधवार को सुबह से ही मथुरा के विश्राम घाट पर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई. भाई बहनों ने बेहद श्रद्धाभाव से यम द्वितीया पर्व मनाया और यमुना नदी में डुबकी लगाई. इसके बाद भाई को आसन पर बैठा कर उनका तिलक किया और स्नेह आशीर्वाद दिया. इसके बाद बहनों ने विश्राम घाट की ओर जाने वाली सीढ़ी पर बने यमुना मंदिर में जाकर वैदिक विधि विधान से दीपक जलाकर पूजा अर्चना की.
संबंधित खबर
और खबरें