झारखंड में बीजेपी का सदस्यता संगठन महापर्व 22 दिसंबर से, सभी जिलों में होगीं कार्यशालाएं

झारखंड में बीजेपी का सदस्यता संगठन महापर्व 22 दिसंबर से शुरू होगा. सदस्यता संगठन महापर्व को लेकर आयोजित कार्यशाला को झारखंड की सदस्यता प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने संबोधित किया. उन्होंने कहा कि पार्टी पुराने रिकॉर्ड से आगे बढ़ेगी.

By Guru Swarup Mishra | December 8, 2024 10:32 PM
an image

रांची: विधानसभा चुनाव के कारण झारखंड में स्थगित बीजेपी का सदस्यता संगठन महापर्व अब 22 दिसंबर से विधिवत शुरू होगा. इससे पहले 15 और 16 दिसंबर को सभी जिलों में कार्यशालाएं होंगी. इसमें प्रदेश कमेटी से नेता शामिल होंगे. 18 और 19 दिसंबर को सभी 515 मंडलों में कार्यशाला होगी. 25 दिसंबर को झारखंड के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रदेशभर में सदस्यता के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे. यह निर्णय रविवार को नगड़ी के एक बैंक्वेट हॉल में प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित कार्यशाला में लिया गया.

बीजेपी के 11.35 करोड़ सदस्य बना लिये गये हैं


झारखंड की सदस्यता प्रभारी एवं आंध्रप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष सांसद डी पुरंदेश्वरी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का सदस्यता कार्यक्रम अभियान नहीं, बल्कि संगठन महापर्व है. भाजपा यह संगठन महापर्व अन्य पर्व की तरह अपने विशाल परिवार के साथ मनाती है. आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. पार्टी ने वर्ष 2014 में ऑनलाइन के माध्यम से सदस्यता कार्यक्रम को प्रारंभ किया था, जिसमें पूरे देश में नौ करोड़ सदस्य बने थे. आज चार राज्यों जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड को छोड़ कर देशभर में 11 करोड़ के लक्ष्य को पार करते हुए 11.35 करोड़ सदस्य बना लिये गये हैं.

विधानसभा चुनाव के कारण स्थगित था सदस्यता अभियान


डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के कारण इन राज्यों में सदस्यता अभियान को स्थगित किया गया था. उन्होंने कहा कि चार राज्यों में अभियान पूरा होने के बाद यह संख्या 14 करोड़ तक जा सकती है. हम झारखंड में भी पुराने रिकॉर्ड से आगे बढ़ेंगे. कहा कि सदस्यता पर्व के माध्यम से हमें प्रत्येक बूथ के प्रत्येक घर तक पहुंचना है. कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, सांसद,विधायक, प्रमंडल प्रभारी, सदस्यता महापर्व की प्रदेश टोली, सभी सात मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला सदस्यता प्रभारी, सदस्यता महापर्व की जिला टोली शामिल हुए. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह व धन्यवाद ज्ञान सदस्यता महापर्व के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने किया.

विधानसभा चुनाव में 59 लाख का मिला समर्थन : बाबूलाल


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व के बाद अब पार्टी संगठन महापर्व में जुट गयी है. संगठन महापर्व का लक्ष्य सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी और सर्व समावेशी भाजपा का निर्माण है. कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनता ने पार्टी को पूरा आशीर्वाद दिया है. भले हम विधानसभा चुनाव में संख्या बल में पीछे रह गये, लेकिन 59 लाख लोगों का समर्थन भाजपा को मिला है. चुनाव एक पड़ाव है, लेकिन हम जनता के बीच बार-बार जायेंगे. अपने नीतियों कार्यक्रमों के माध्यम से जायेंगे. कहा कि झारखंड से लोकतंत्र विरोधी, राष्ट्र विरोधी, विकास विरोधी ताकतों से लड़ने के लिए भाजपा के संघर्षशील और मजबूत संगठन को निरंतर गति देनी है.

चुनौतियों को अवसर में बदलने का हुनर जानते हैं : वाजपेयी


प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता चुनौतियों को अवसर में बदलने का हुनर जानते हैं. यह सदस्यता महापर्व का कार्यक्रम मजबूत और संघर्षशील भाजपा बनाने का अवसर है. कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रवींद्र राय ने कहा कि सदस्यता संगठन महापर्व के माध्यम से हमें प्रदेश भर में भाजपा की नयी राजनीतिक सुगंध को पहुंचाना है. क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की विचार यात्रा भारतीय विचारों से परिपूर्ण है, जबकि समाजवाद, पूंजीवाद, साम्यवाद जैसे विचार विदेशी प्रभाव से प्रभावित हैं. प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पीपीटी के माध्यम से सदस्यता महापर्व के कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला.

Also Read: झारखंड से 95% नक्सलियों का सफाया, जल्द बनेगा नक्सल मुक्त राज्य, चाईबासा में बोले डीजीपी अनुराग गुप्ता

Also Read: लालू प्रसाद यादव से पटना में मिले झारखंड के मंत्री संजय प्रसाद यादव, आरजेडी सुप्रीमो ने दी ये सलाह

संबंधित खबर
संबंधित खबर और खबरें

Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है।
रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।

होम E-Paper News Snaps News reels
Exit mobile version