CM हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मंडल मुर्मू ने निशिकांत दुबे से की मुलाकात, रांची आते समय पुलिस ने रोका
Mandal Murmu: सीएम हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मंडल मुर्मू ने रविवार को गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे से मुलाकात की. वापस रांची लौटते समय पुलिस उनसे पूछताछ की. अब इस मुद्दे पर सियासत गरमा गयी है.
By Anand Mohan | October 28, 2024 7:43 AM
रांची : झारखंड के चुनावी जंग में नया मोड़ आ गया है. बरहेट से झामुमो प्रत्याशी और सीएम हेमंत सोरेन के नामांकन में प्रस्तावक बने सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू ने झारखंड की राजनीति गरम कर दी है. सीएम के प्रस्तावक बने मंडल भाजपा के संपर्क में हैं. वह रविवार की सुबह आठ बजे देवघर में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे से मिले और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मिलकर अपनी बात रखने की इच्छा जतायी. इसके बाद मंडल मुर्मू सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गये. रांची जाने के क्रम में डुमरी में पुलिस ने मंडल मुर्मू की गाड़ी रोकी और उनसे काफी देर तक पूछताछ की. इसकी जानकारी मिलने पर भाजपा ने अधिकारियों से शिकायत की. इसके बाद गिरिडीह पुलिस ने मंडल को छोड़ दिया. हालांकि सुरक्षा के लिहाज से मंडल मुर्मू को देर रात तक सरायढेला थाना में बैठाये रखा गया. साहिबगंज पुलिस के आने पर उन्हें भोगनाडीह भेज दिया जायेगा.
झामुमो हुआ गरम
दूसरी ओर झामुमो गरम हो गया. उसने आरोप लगाते हुए चुनाव अधिकारी के रवि कुमार, आइपीएस संजय आनंद राव लाठकर व अमोल विणुकांत होमकर पर कार्रवाई की मांग की है. इन पर आरोप लगाया कि वे लोग भाजपा के लिए काम कर रहे हैं. इस मुद्दे पर भाजपा ने भी झामुमो व हेमंत को घेरा. रविवार की सुबह मंडल मुर्मू भोगनाडीह स्थित अपने घर से निकले और सीधे देवघर स्थित डॉ निशिकांत दुबे के आवास पहुंच गये.
डॉ निशिकांत का आरोप- सीएम ने डर से उन्हें कराया गिरफ्तार
इस दौरान करीब दो घंटे तक मंडल मुर्मू व डॉ निशिकांत के बीच बातचीत हुई. वहां से निकल कर जब मंडल मुर्मू रांची जाने लगे तो रास्ते में डुमरी पुलिस ने मंडल मुर्मू को रोक लिया. इधर, डॉ निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर सीएम हेमंत सोरेन पर आरोप लगाते हुए कहा कि 1855 हूल क्रांति के नायक सिदो कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू आदिवासी की घटती जनसंख्या व बांग्लादेशी घुसपैठिया से त्रस्त होकर प्रदेश भाजपा नेतृत्व से मिलने रांची जा रहे थे. डर से मुख्यमंत्री ने डुमरी में उन्हें गिरफ्तार कराया. श्री दुबे ने कहा कि चुनाव आयोग इसे संज्ञान में ले.
अपहरण की अफवाह पर मंडल मुर्मू (भाेगनाडीह, साहिबगंज निवासी) ने धनबाद के सरायढेला थाना में शिकायत की है. उन्होंने कहा है कि वे शहीद सिद्धो-कान्हू के वंशज हैं. 27 अक्तूबर की सुबह सांसद निशिकांत दुबे से देवघर में औपचारिक मुलाकात के बाद वे भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रांची जाने लगे. इसी क्रम डुमरी थाना की पुलिस ने मुझे बिना कोई कारण बताये गाड़ी से उतार लिया. इसके बाद डीएसपी ने उनसे रांची जाने का कारण पूछा.
सोशल मीडिया पर अपहरण का आरोप
मैंने जब उन्हें बताया कि वह अपने मित्रों के साथ रांची व्यक्तिगत कार्यवश जा रहे हैं. डीएसपी ने मुझसे स्पष्टीकरण लिखवाते हुए मेरा हस्ताक्षर लिया. सोशल मीडिया से मुझे पता चला कि मेरे अपहरण की अफवाह उड़ायी रही है. उस अफवाह के कारण मैं डर गया हूं. मेरे परिजन भी डरे हुए हैं. इसलिए मुझे सुरक्षित घर पहुंचाया जाये. हालांकि सरायढेला पुलिस ने ऐसा कोई आवेदन मिलने से इंकार किया है.
सनहा
परिजनों ने साहिबगंज के संबंधित थाना में सनहा दर्ज कराते हुए कहा कि मंडल का अपहरण हो गया है. वहीं धनबाद पुलिस को सूचना मिली कि मंडल का अपहरण नहीं हुआ है. इस सूचना के बाद धनबाद पुलिस ने साहिबगंज पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद साहिबगंज से पुलिस की टीम मंडल को लेने के लिए धनबाद रवाना हुई . देर रात तक मंडल सरायढेला थाना में बैठे थे.
Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है। रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।