Political News : कांग्रेस को बाबासाहेब पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं : अमर बाउरी

पूर्व नेता प्रतिपक्ष व संविधान गौरव अभियान के प्रदेश संयोजक अमर बाउरी की अध्यक्षता में गुरुवार को अभियान की प्रदेश व जिला टोली की बैठक हुई.

By Prabhat Khabar News Desk | January 9, 2025 5:50 PM
feature

रांची (प्रमुख संवाददाता). पूर्व नेता प्रतिपक्ष व संविधान गौरव अभियान के प्रदेश संयोजक अमर बाउरी की अध्यक्षता में गुरुवार को अभियान की प्रदेश व जिला टोली की बैठक हुई. बैठक में श्री बाउरी ने कहा कि 11 से 25 जनवरी तक भाजपा द्वारा देश भर में संविधान गौरव अभियान चलाया जायेगा. झारखंड में पार्टी के सदस्यता अभियान में कार्यकर्ताओं की व्यस्तता को देखते हुए यहां यह अभियान अब 15 से 25 जनवरी तक चलाया जायेगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर पर बोलने का नैतिक अधिकार खो दिया है. यह वही कांग्रेस है, जिसने बाबासाहेब को चुनाव में हराने का प्रयास किया था. दलितों के प्रति कांग्रेस की सोच कैसी थी, यह कांग्रेस पार्टी के इतिहास से पता चलता है. कहा कि अपने परिवार के नेताओं के लिए बड़े-बड़े स्मारक बनाने वाली कांग्रेस ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के लिए दिल्ली में दो गज जमीन भी उपलब्ध नहीं कराया. कहा कि कांग्रेस पार्टी को आज आंबेडकर की याद आ रही है. यह वही कांग्रेस है, जिसने संसद में बाबासाहेब का तैल चित्र तक नहीं लगाया. कांग्रेस पार्टी ने जीवित अवस्था में ही पं जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी को भारत रत्न से सम्मानित किया. राजीव गांधी को भी भारत रत्न दिया गया, लेकिन बाबासाहेब को भारत रत्न से वंचित रखा. कहा कि अपने सत्ता के लिए संविधान में 90 बार से अधिक संशोधन करने वाली कांग्रेस आज संविधान पर बोल रही. आपातकाल के माध्यम से लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की बात कर रही. इससे बड़ा मजाक कुछ नहीं हो सकता. श्री बाउरी ने कहा कि भाजपा संविधान गौरव अभियान के तहत हर जिलों, मंडलों में जनता को कांग्रेस पार्टी द्वारा बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर के साथ हुए अपमान को बतायेगी. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार ने कैसे बाबा साहेब के नीतियों विचारों को सींचने का प्रयास किया है, उसे भी बताने का काम करेगी. बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के सह संयोजक राकेश भास्कर, नंदजी प्रसाद, अमरदीप यादव के अलावा सभी सांगठनिक जिलों के अभियान से जुड़े जिला संयोजक एवं सह संयोजक शामिल हुए.

संबंधित खबर और खबरें

Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है।
रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।

होम E-Paper News Snaps News reels
Exit mobile version