झारखंड आ रहीं हैं महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जानें कब आयेंगीं और क्या है उनका कार्यक्रम
Droupadi Murmu Jharkhand Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 दिन की यात्रा पर झारखंड आ रहीं हैं. रांची में वह बीआईटी मेसरा के डायमंड जुबिली समारोह में शामिल होंगी. प्रशासन ने उनके आगमन से पहले सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दीं हैं.
By Mithilesh Jha | February 6, 2025 5:42 PM
Droupadi Murmu Jharkhand Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड आ रहीं हैं. वह 2 दिन के दौरे पर आयेंगीं. अगले सप्ताह वह झारखंड पहुंचेंगीं और राजधानी रांची में एक कार्यक्रम में शामिल होंगी. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार (6 फरवरी 2025) को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति 14 फरवरी को रांची पहुंचेंगी और अगले दिन बीआईटी मेसरा के हीरक जयंती समारोह में शामिल होंगी. अधिकारी ने कहा है कि बीआईटी मेसरा में शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध और तकनीकी नवाचार के 70 साल पूरे होने का जश्न मनाया जायेगा. उपायुक्त ने कहा है कि राष्ट्रपति की दो दिवसीय झारखंड यात्रा के मद्देनजर उनके आवागमन वाले प्रस्तावित मार्गों पर किसी भी तरह का अगर अतिक्रमण है, तो उसे समय से पहले हटा दें. सड़क की मरम्मत भी कर लें.
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की राष्ट्रपति की यात्रा तैयारियों की समीक्षा
इससे पहले बुधवार को रांची के उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों से प्रोटोकॉल के मुताबिक समय पर तैयारियां पूरी करने को कहा.
ऊंची इमारतों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
रांची के उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, राजभवन और कार्यक्रम स्थल समेत सभी प्रमुख जगहों पर नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी की तैनाती करें. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि राष्ट्रपति के आवागमन वाले मार्ग के साथ सभी ऊंची इमारतों और संवेदनशील स्थानों की पहचान करके व्यापक सुरक्षा सुनिश्चित करें.
Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है। रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।