Hemant Soren Gift: हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान का रांची में होगा आशियाना, सीएम हेमंत सोरेन ने पूरा किया वादा

Hemant Soren Gift: सीएम हेमंत सोरेन ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को रांची के हरमू आवासीय कॉलोनी में भूखंड आवंटन का पत्र सौंपा. जमीन के साथ घर बनाने के लिए राज्य सरकार इन्हें 35-35 लाख रुपए भी देगी.

By Guru Swarup Mishra | January 29, 2025 6:55 PM
an image

Hemant Soren Gift: रांची-मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हॉकी में झारखंड एवं देश का नाम रोशन करनेवाली ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को रांची के हरमू स्थित आवासीय कॉलोनी में 3750 वर्ग फीट भूखंड आवंटन का कागजात सौंपा. राज्य सरकार ने आधिकारिक तौर पर झारखंड की दो बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ियों सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान का राजधानी रांची में अपना घर होने का सपना साकार कर दिया. मुख्यमंत्री ने इन्हें हरमू आवासीय कॉलोनी के प्लॉट नंबर -10 (बी) एवं 10 (ए) में 3750-3750 वर्ग फीट भूखंड आवंटन की प्रतियां आवास निर्माण के लिए दीं. मुख्यमंत्री ने भूखंड देने के साथ यह घोषणा की कि इन दोनों खिलाड़ियों को अपना आशियाना बनाने के लिए राज्य सरकार खेल नीति के तहत 35-35 लाख रुपए उपलब्ध कराएगी. झारखंड मंत्रालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बोल रहे थे.

देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया-हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज उत्साह का दिन है. इन बेटियों ने अपने हुनर और काबिलियत से सिर्फ राज्य का ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है. पिछले कई दशकों से झारखंड की बेटियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और दुनिया में अलग पहचान बनाई है. अपने प्रदर्शन की बदौलत कई बार बेटियों ने लोगों को आश्चर्यचकित किया है कि झारखंड जैसे पिछड़े और आदिवासी बहुल क्षेत्र से भी इतनी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है. कई ऐसे मौकों पर देखने को मिले जब राज्य के खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में अपनी प्रतिभाओं का लोहा मनवाया.

राज्य सरकार ने पूरा किया वादा

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान को रांची में भूखंड देने का निर्णय उनकी सरकार का ही था. आज ये वादा पूरा हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ भले ये स्टार बेटियां आर्थिक रूप से मजबूत हुई हों, परंतु संघर्ष के दिनों में जब इनके गांव-घर पहुंचा था तब इनकी आर्थिक स्थिति देखी थी, उसी समय किया गया वादा आज पूरा किया. सरकार ने यहां के युवाओं और खिलाड़ियों को एक बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण नीतियों का निर्धारण किया. कार्यक्रम में राज्य की स्टार हॉकी प्लेयर सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान के संघर्षों से सफलता की कहानी ऑडियो -विजुअल के माध्यम से दिखाई गई.

सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आज बहुत अच्छा लग रहा है. मुख्यमंत्री ने जो वादा किया था आज उन्होंने पूरा किया. सलीमा टेटे ने कहा कि कोई भी काम दिल से करने पर मंजिल एक दिन जरूर मिलती है. निक्की प्रधान ने कहा कि वर्ष 2021 में पहला ओलंपिक पार्टिसिपेशन के बाद जब वे रांची पहुंची थीं तब मुख्यमंत्री ने इसी सभागार में जमीन देने का वादा किया था. आज उन्होंने अपना वादा पूरा किया. अब रांची में अपना घर होने का सपना पूरा हो रहा है. इस अवसर पर पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक राजेश कच्छप, विधायक भूषण बाड़ा, मुख्य सचिव अलका तिवारी, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें: झारखंड के जनजातीय कलाकारों को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान, जनजातीय चित्रकार शिविर का उद्घाटन कर बोले मंत्री चमरा लिंडा

संबंधित खबर
संबंधित खबर और खबरें

Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है।
रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।

होम E-Paper News Snaps News reels
Exit mobile version