Jharkhand Weather: पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत में बर्फबारी का दिखेगा असर, झारखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि और वज्रपात
Jharkhand Weather: पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर भारत में बर्फबारी और बारिश की वजह से झारखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा. 28 फरवरी से पलामू समेत अन्य जिलों में बारिश के दौरान ओलावृष्टि हो सकती है. वज्रपात की भी आशंका है.
By Guru Swarup Mishra | February 27, 2025 5:05 AM
Jharkhand Weather: रांची-पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर भारत में बर्फबारी और बारिश के कारण इसका असर झारखंड में भी पड़ने की संभावना है. राज्य के उत्तर-पश्चिम इलाके खास कर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा जिले में 28 फरवरी से फिर बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है. इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है. मौसम में यह बदलाव एक मार्च तक रहने की संभावना है. गुरुवार को राजधानी रांची में बादल छाए रहेंगे. मौसम शुष्क रहेगा.
देवघर समेत अन्य इलाकों में भी बदलेगा मौसम
एक मार्च को देवघर आदि इलाके में भी मौसम में बदलाव संभव है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रांची समेत झारखंड के अन्य जिलों में आकाश में आंशिक बादल छाये रहेंगे. इसके साथ ही रात और सुबह में हल्की ठंड रहने की संभावना है, जबकि दिन में तापमान में वृद्धि हो सकती है.
तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की हो सकती है वृद्धि
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. दो मार्च से मौसम शुष्क रहेगा. बुधवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला का रहा. यहां का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, सबसे कम तापमान चतरा का 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा. बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम व 24 घंटे में 1.6 डिग्री कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा. जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम तथा 24 घंटे में 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.
Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है। रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।