Birsa Zoological Park: बिरसा जैविक उद्यान में शेरनी प्रियंका की मौत, डॉक्टरों ने ये बतायी मौत की वजह
Birsa Zoological Park: ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान में प्रियंका नामक मादा शेरनी की मौत हो गयी. पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण बच्चेदानी में संक्रमण पाया गया. प्रियंका 15 साल की थी. उसे 2014 में बेंगलुरु के बन्नरघटा चिड़िया घर से लाया गया था.
By Rupali Das | May 23, 2025 7:44 AM
Birsa Zoological Park| ओरमांझी, रोहित लाल महतो: राजधानी रांची के आरमांझी में स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान में शेरनी प्रियंका की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, हाईब्रिड मादा शेरनी प्रियंका की बुधवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गयी थी. इसके बाद प्रियंका को तुरंत इलाज के लिए उद्यान के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ओमप्रकाश साहु के पास ले जाया गया. पशु चिकित्सक ने शेरनी प्रियंका का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा. लेकिन जांच के दौरान ही उसकी मौत हो गयी. गुरुवार को प्रियंका का पोस्टमॉर्टम किया गया.
बच्चेदानी में संक्रमण से हुई मौत
बता दें कि गुरुवार को रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय के पैथोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ एम के गुप्ता के नेतृत्व में प्रियंका का पोस्टमॉर्टम हुआ. चिकित्सक दल ने उद्यान परिसर में ही शेरनी प्रियंका का पोस्टमार्टम किया. डॉ गुप्ता ने मौत का कारण मादा शेरनी के बच्चेदानी में गंभीर संक्रमण होना बताया. इसकी गहन जांच के लिए मृत शेरनी के विभिन्न अंगों का सैंपल लेकर रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय भेजा गया है. डॉ गुप्ता के अनुसार हाइब्रिड नस्ल के वन्य जीव की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है. साथ ही इन्हें संक्रमण का खतरा भी हमेशा बना रहता है. इनकी औसत उम्र भी लगभग 15 से 16 वर्ष ही होती है.
मालूम हो कि मादा शेरनी के पोस्टमॉर्टम के दौरान जैविक उद्यान के पदाधिकारी कर्मचारी एवं कर्मी मौजूद थे. बताया गया कि शेरनी प्रियंका को साल 2014 में बन्नरघटा चिड़िया घर बेंगलुरु से बिरसा जैविक उद्यान लाया गया था. जैविक उद्यान प्रबंधन ने मृत शेरनी प्रियंका की उम्र 15 वर्ष बतायी है.
Latest Ranchi News in Hindi : रांची के स्थानीय समाचार, इवेंट, राजनीति, एजुकेशन, मौसम, बिजनेस, रेलवे, प्रशासनिक खबरों की ताजा अपडेट के लिए प्रभात खबर से जुड़े रहें। यहां निष्पक्ष समाचार, लाइव रिपोर्टिंग, ग्राउंड रिपोर्ट, फैक्ट चेक के साथ खबरों की विश्वनीयता सुनिश्चित की जाती है। यहां पर प्रभात खबर के 100 से अधिक रिपोर्टर्स, संवाद सूत्र, एक्सपर्ट्स और विषय विशेषज्ञ की खोजपरक रिपोर्टिंग, लेख, फीचर, टिप्पणी भी आपको रियल टाइम में और मुफ़्त मिलती है। रांची की चुनी हुई और महत्वपूर्ण खबरें भी पढ़ें । रांची मौसम: आज का सटीक और विस्तृत मौसम पूर्वानुमान ( मौसम ) यहां देखें।