रांची. सिल्ली थाना क्षेत्र के जुमला गांव में खेल-खेल में बच्चों के बीच हुए विवाद और फिर एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में अदालत 29 जुलाई को अपना फैसला सुनायेगी. मामले में अपर न्याययुक्त शैलेंद्र कुमार की अदालत ने दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है. इस मामले में चार आरोपी बासुदेव मुंडा, बाबूलाल मुंडा, सुनील मुंडा और अर्जुन मुंडा ट्रायल फेस कर रहे हैं. घटना 22 जून 2023 की है. मृतक आसनी मुंडा की बेटी राधिका कुमारी और अशोक कुमार खेल रहे थे. खेल के दौरान बच्चों के बीच झगड़ा हो गया. विवाद जब और बढ़ गया, जब आसनी मुंडा उन्हें छुड़ाने पहुंचे, तब बासुदेव मुंडा ने पहले तो गाली-गलौज की, फिर आसनी मुंडा के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें रिम्स, रांची में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. इस मामले में मृतक की पत्नी पारो देवी ने सिल्ली थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
संबंधित खबर
और खबरें