Flood: उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना उफान पर, 17 जिलों में बाढ़ का कहर, 400 से ज्यादा गांव जलमग्न
Flood Video: उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है. बाढ़ से करीब 17 जिलों के 400 से ज्यादा गांव प्रभावित हैं. 11 हजार से अधिक लोगों को विस्थापित किया गया है. गंगा और यमुना नदी उफान पर हैं. दोनों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
By ArbindKumar Mishra | August 3, 2025 9:56 PM
Flood: उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति पर राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि राज्य के 17 जिलों में 37 तहसीलों के 402 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और उनमें रहने वाले 84 हजार 392 लोगों की जिंदगी पर असर पड़ा है. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबलरी (PAC) के कर्मियों द्वारा निरंतर गश्त के साथ राहत और बचाव कार्य जोरों पर चल रहा है.
बाढ़ से प्रभावित जिलों में कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाजीपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं.
बाढ़ से अब तक 343 घरों को नुकसान
बाढ़ से अब तक 343 घरों को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा 4,015 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि भी प्रभावित हुई है. बाढ़ से परेशान लोगों तक 493 नावों और मोटरबोटों के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है. बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अब तक खाद्य पदार्थों के 76 हजार 632 पैकेट वितरित किए जा चुके हैं. इसके अलावा, प्रभावित लोगों को ताजा भोजन उपलब्ध कराने के लिए 29 सामुदायिक रसोइयां (लंगर) स्थापित की गयी हैं.
905 बाढ़ आश्रय स्थल बनाए गए
गोस्वामी ने बताया कि वर्तमान में कुल 905 बाढ़ आश्रय स्थल बनाये गये हैं जिनमें 11 हजार 248 विस्थापित लोग रह रहे हैं. जबकि 757 स्वास्थ्यकर्मी चिकित्सा जांच कर रहे हैं और स्थिति पर नजर रखने के लिए 1,193 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं.
UP News in Hindi उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य है, जहां 20 करोड़ से ज्यादा लोग रहते हैं. यह राज्य प्रशासनिक रूप से 75 जिलों और 18 मंडलों में बंटा हुआ है. इसकी राजधानी लखनऊ है. वर्तमान में यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद पर काबिज हैं. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर, सीतापुर, इटावा, मथुरा, मुरादाबाद, मेरठ और बुलंदशहर जैसे शहर इसे पहचान देते हैं. देश की राजनीति में उत्तर प्रदेश की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है. अक्सर कहा जाता है कि देश की सत्ता का रास्ता यूपी से होकर ही जाता है. प्रदेश की हर बड़ी खबर सबसे पहले जानने के लिए जुड़े रहिए प्रभात खबर डिजिटल पर.