परफ्यूम को भी मात देने को तैयार है इत्र
माह-ए-रमजान का 16 रोजा सोमवार को पूरा हो चुका है. इस बार युवतियों व महिलाओं के लिए भी बाजार में खास इत्र हैं, जो परफ्यूम पर भी भारी पड़ेगा. खास कर क्रेजी इत्र युवतियों व महिलाओं को काफी पसंद आ रहा है. इसकी खुशबू देर तक व दूर तक जाती है. बाजार में थोक व खुदरा विक्रेता मिलाकर 50 से अधिक इत्र की दुकानें है. कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, किशनगंज, मुंगेर, जुमई, अररिया सहित झारखंड के विभिन्न जिलों के लोग इत्र की थोक खरीदारी करने यहां पहुंचते हैं.
हदीस में है जिक्र, पैगंबर साहब को पसंद थी खुशबू
मदरसा जामिया शहबाजिया के हेड शिक्षक मुफ्ती फारूक आलम अशरफी ने बताया कि हदीस में इस बात का जिक्र है कि हजरत पैगंबर साहब को खुशबू काफी पसंद थी. लिहाजा इत्र लगाना सुन्नत है. माह-ए-रमजान व ईद के मौके पर इत्र का खास एहतमाम किया जाता है. ईद हो या जुमे का दिन, हर कोई इत्र लगाना पसंद करते हैं.
विदेशी इत्र भी बाजार में उपलब्ध
दुबई व अरब के इत्र भी भागलपुर के बाजार में उपलब्ध हैं. दुकानदारों की मानें, तो युवा ही नहीं, बुजुर्गों में भी इत्र की मांग बढ़ी है. कुछ खास इत्र ईद के दौरान ही मंगाये जाते हैं.
50 लाख से अधिक का हो सकता कारोबार
इत्र के थोक विक्रेता महबूब आलम ने बताया कि इस बार इत्र का कारोबार 50 लाख से अधिक होने की संभावना है. बाजार में महिलाओं के लिए विशेष तरह के इत्र हैं. महिलाएं अब परफ्यूम से ज्यादा इत्र लगाना पसंद करती हैं. इसके अलावा पुरुषों के लिए भी दर्जनों किस्म के इत्र बाजार में हैं.
युवतियों व महिलाओं के लिए खास इत्र
नाम | बोतल | कीमत |
---|
चारर्मिंग गर्ल | 6 एमएल | 60 रुपये |
ऐरोपीडीएस | 6 एमएल | 60 रुपये |
डीड्स | 6 एमएल | 55 रुपये |
क्रेजी | 6 एमएल | 55 रुपये |
आयशा | 20 एमएल | 150 रुपये |
नाजनीन | 6 एमएल | 80 रुपये |
युवा व पुरुषों बीच इत्र की मांग बढ़ी
नाम | बोतल | कीमत |
---|
रईस | 20 एमएल | 150 रुपये |
पठान | 20 एमएल | 160 रुपये |
जमजम | 20 एमएल | 160 रुपये |
सीआर-7 | 10 एमएल | 130 रुपये |
शनाया दुबई | 10 एमएल | 150 रुपये |
डलेशिया | 10 एमएल | 120 रुपये |
रूबी रेड | 10 एमएल | 120 रुपये |
दाना नायाब | 10 एमएल | 100 रुपये |
दुबई व सऊदी अरब की इत्र
नाम | बोतल | कीमत |
---|
व्हाइट ऊद | 12 एमएल | 1250 रुपये |
मुश्क गोल्ड | 12 एमएल | 1250 रुपये |
दुबई ऊद | 12 एमएल | 1250 रुपये |
मैगनेट | 12 एमएल | 1250 रुपये |
मुश्क अंबर | 12 एमएल | 1250 रुपये |
रोज गोल्ड | 12 एमएल | 1250 रुपये |
मुश्क सूफी | 6 एमएल | 600 रुपये |
यह भी पढ़ें: 20 से ज्यादा डूबते लोगों के लिए भगवान बनकर आये मछुआरे, गंगा में पलटी थी नाव
यह भी पढ़ें: 25 करोड़ के यज्ञ में दक्षिणा के लिए पंडितों ने जमकर काटा बवाल, विरोध में किया सड़क जाम, 2100 ब्राह्मणों का इंटरव्यू से हुआ था सेलेक्शन