बिहार के पूर्व CM सतीश प्रसाद सिंह का निधन, कोरोना से थे संक्रमित
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह (Satish Prasad Singh) का निधन हो गया है. वो 89 साल के थे.
By Prabhat Khabar Digital Desk | November 2, 2020 4:17 PM
Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 : बिहार में 3 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इस बीच बड़ी खबर आ रही है पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह (Satish Prasad Singh) का निधन हो गया है. वो 89 साल के थे और पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस से संक्रमित थे. जानकारी के मुताबिक उन्होंने दिल्ली में आखिरी सांस ली, राजधानी में ही उनका इलाज चल रहा था.
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री सतीश प्रसाद सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। सतीश जी के असामयिक निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं उनके परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति! pic.twitter.com/mFCfbvyC4L
पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह के निधन पर सीएम नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है. सीएम ने कहा कि उनका निधन बिहार के राजनीतिक एवं सामाजिक जगत की अपूरणीय क्षति है.वहीं बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने भी पूर्व सीएम के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री सतीश प्रसाद सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. सतीश जी के असामयिक निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं उनके परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें.
सतीश प्रसाद सिंह 1968 में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे. हालांकि, महज 5 दिन ही वो मुख्यमंत्री के पद पर रहे. सतीश प्रसाद सिंह खगड़िया से सांसद भी रहे. राजनीति में आने से पहले वह फिल्मी दुनिया में थें. बता दें कि खगड़िया से सांसद बनने के बाद उन्होंने फिल्मी दुनियां को अलविदा कह दिया था और राजनीति में सक्रिय हो गए थे. बिहार सरकार में मंत्री रही सुचित्रा सिन्हा, उन्हीं पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह की बेटी हैं.