संवाददाता, देवघर : सावन की पहली सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ पर जलाभिषेक करने के लिए कांवरिया पथ पर कांवरियों का जत्था पूरे उत्साह के साथ दिन भर चलता रहा. सुबह चार बजे से कांवरियों की रफ्तार बढ़ गयी. सुल्तानगंज से गंगा जल लेकर आ रहे कांवरिये झारखंड प्रवेश द्वार दुम्मा स्थित टोल गेट से पर्चा लेकर आगे बढ़ रहे थे, यहां आने वाले कांवरियों की गिनती हो रही थी. सोमवारी पर सुबह में हर घंटे से ढाई से तीन हजार तक कांवरिये झारखंड गेट दुम्मा प्रवेश करते रहे. इस दौरान सुबह तीन से चार बजे तक 2438 कांवरिये, सुबह चार से पांच बजे तक 3416, सुबह पांच से छह बजे तक 3319 व सुबह छह से सात बजे तक 3605 कांवरिये प्रति घंटे कांवरियों का आगमन हुआ. वहीं आठ बजे के बाद कांवरियों के फ्लो में कमी आयी व एक हजार से 1200 प्रति घंटे कांवरिये आने लगे. कांवरियों के फ्लो को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा अनाउंसमेंट कर कांवरियों को धैर्य के साथ बाबा नगरी ओर आगे बढ़ने की अपील की जा रही थी. साथ ही कहा जा रहा था कि आराम से चलने के बाद भी कांवरियों को सुगम तरीके से जलार्पण किया जायेगा.
संबंधित खबर
और खबरें