गोपालगंज. जिले में महिला सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ महिला संवाद कार्यक्रम, जिसका भव्य समापन 17 जून को हुआ. जिले के सभी 14 प्रखंडों के चयनित 1661 ग्राम संगठनों में इस अभियान को जोरदार जनसमर्थन मिला. यह जनजागरण यात्रा 18 अप्रैल की दूसरी पाली से आरंभ हुई थी. इस पूरे अभियान में कुल 2,78,907 महिलाओं की प्रभावशाली भागीदारी दर्ज की गयी, जिनमें से 2,53,640 महिलाएं जीविका से जुड़ी थीं, जबकि 25,267 महिलाएं अन्य सामाजिक संगठनों से थीं. यह मंच महिलाओं की आवाज को नीति-निर्माण के गलियारों तक पहुंचाने का एक ऐतिहासिक अवसर बना. सृष्टि जीविका महिला संकुल संघ, सिधवलिया की अध्यक्ष मनेजा बेगम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से महिला संवाद समीक्षा बैठक में सीधा संवाद किया. उन्होंने न केवल पेंशन में बढ़ोतरी और पंचायत स्तरीय पुस्तकालयों की जरूरत पर चर्चा की बल्कि ग्रामीण महिलाओं की सशक्त होती भूमिका को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया.महिला संवाद के जरिए सामाजिक चेतना और बदलाव की इस क्रांति में भागीदारी निभा रहीं जीविका दीदियों की प्रशंसा की और इसे बिहार के भविष्य के लिए आशाजनक पहल बताया.
संबंधित खबर
और खबरें