UP Nikay Chunav Results 2023: शहरों में आज किसकी बनेगी सरकार, 17 नगर निगमों में किसके बीच मुकाबला, जानें डिटेल
UP Nikay Chunav Results 2023: यूपी के 17 नगर निगमों को शनिवार को 6 महिला मेयर मिल जाएंगी. इनमें लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद और आगरा शामिल हैं. सभी नगर निगमों में सियासी दलों और उनके प्रत्याशियों की मेहनत कितनी सफल हुई है, ये नतीजे आने के बाद साफ हो जाएगा.
By Sanjay Singh | May 13, 2023 5:49 AM
UP Nikay Chunav Results 2023: उत्तर प्रदेश में शहरों में किसकी सरकार बनेगी, ये शनिवार को ईवीएम के नतीजे सामने आने के बाद स्पष्ट हो जाएगा. प्रदेश में कुल 760 नगर निकायों के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है. इनमें से 17 नगर निगम, 199 नगर पालिका और 544 नगर पंचायत हैं. भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस सभी ने अपनी अपनी जीत के दावे किए हैं. वहीं इनमें 17 नगर निगमों पर मेयर पद के नतीजे को लेकर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं. मेयर पद के चुनाव को सभी दलों ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ा है.
मेयर पद की 16 सीटों पर 2017 में इनका था कब्जा
वर्ष 2017 में नगर निकाय चुनाव में कुल 16 नगर निगम थे. इनमें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, सहारनपुर, झांसी गोरखपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, कानपुर और अयोध्या मेयर सीट पर भाजपा ने कब्जा जमाया था, जबकि अलीगढ़ और मेरठ में बसपा के मेयर उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी. इस बार शाहजहांपुर को उसकी पहली मेयर मिलेगी.
17 नगर निगमों में मेयर पद की 6 सीट महिला आरक्षित
इस बार कुल 17 नगर निगमों में लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद को सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया. जबकि शाहजहांपुर और फिरोजाबाद में ओबीसी महिला के लिए सीट रिजर्व की गई, वहीं आगरा को एससी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया. अहम बात है कि इन महिला आरक्षित सीटों के अलावा अन्य सीटों पर भी मेयर पद के लिए महिला उम्मीदवार मैदान में नजर आईं. सपा ने महिला आरक्षित सीटों के अलावा भी दो सीटों पर महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया. इनमें गोरखपुर में काजल निषाद और मेरठ से सीमा प्रधान ने चुनाव लड़ा. इसके अलावा बसपा ने सहारनपुर से खादिजा मसूद को टिकट दिया. वह पूर्व विधायक इमरान मसूद की भाभी हैं.