23.9 C
Ranchi

लेटेस्ट वीडियो

Jharkhand Chunav 2024: एकीकृत बिहार में भी थी पलामू की धाक, झारखंड की पहली सरकार में भी बने चार मंत्री और स्पीकर

Jharkhand Chunav 2024: संयुक्त बिहार के वक्त से ही पलामू राजनीतिक रूप से समृद्ध रहा है. एकीकृत बिहार में भीष्म नारायण सिंह और पूरनचंद कैबिनेट मंत्री बने थे. वर्ष 2000 में झारखंड गठन के बाद बनी पहली सरकार में पलामू से चार मंत्री थे. राज्य के पहले स्पीकर इंदर सिंह नामधारी बने थे.

Jharkhand Chunav 2024: रांची, अविनाश-अविभाजित बिहार के जमाने से ही पलामू राजनीतिक रूप से समृद्ध रहा है. बिहार के जमाने में भी इस इलाके से विधानसभा चुनाव जीत कर विधानसभा जाने वाले विधायकों को बिहार के मंत्रिमंडल में जगह मिली. भीष्म नारायण सिंह और पूरनचंद कैबिनेट मंत्री बने थे. झारखंड गठन के बाद राजनीतिक प्रभाव और बढ़ा. पहली सरकार में पलामू के चार मंत्री थे. राज्य के पहले स्पीकर इंदर सिंह नामधारी बने थे. बिहार के जमाने में मंत्री रह चुके दो वरिष्ठ नेता रामचंद्र चंद्रवंशी और गिरिनाथ सिंह 2024 के चुनाव में भी सक्रियता के साथ मैदान में हैं.

बिहार में कैबिनेट मंत्री बने थे भीष्म नारायण सिंह

पूर्व राज्यपाल भीष्म नारायण सिंह (अब दिवंगत) ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र से की थी. उन्होंने 1967 और 1969 का चुनाव जीता था. भीष्म नारायण सिंह बिहार में कैबिनेट मंत्री बने थे. इसके बाद डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले पूरनचंद (अब स्वर्गीय) भी कैबिनेट मंत्री रहे. इंदर सिंह नामधारी भी लालू प्रसाद यादव के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री बने थे.

एकीकृत बिहार में गिरिनाथ सिंह और रामचंद्र चंद्रवंशी बने मंत्री

एकीकृत बिहार में मंत्री बनने वाले नेताओं में गिरिनाथ सिंह, रामचंद्र चंद्रवंशी का भी नाम शामिल है. 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में दोनों चुनावी मैदान में भी हैं. रामचंद्र चंद्रवंशी झारखंड में भी मंत्री रहे. फिलहाल वह भाजपा के टिकट पर विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि गिरिनाथ सिंह सपा के टिकट पर गढ़वा से चुनाव लड़ रहे हैं. इनके अलावा बिहार के जमाने में पलामू से मंत्री बनने वालों की सूची में ईश्वरचंद्र पांडेय, अवधेश सिंह, जोरावर राम, गिरिवर पांडेय (चारों दिवंगत) लक्ष्मण राम, चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के भी नाम शामिल हैं. ददई दुबे झारखंड में भी मंत्री रहे.

झारखंड बनने के बाद ये बने मंत्री और स्पीकर

वर्ष 2000 में झारखंड राज्य गठन होने के बाद जो पहली सरकार बनी, उसमें भी पलामू प्रमंडल का राजनीतिक प्रभाव देखने को मिला था. इसमें पलामू प्रमंडल से यमुना सिंह, मधु सिंह (दोनों दिवंगत), बैद्यनाथ राम, रामचंद्र केसरी मंत्री बने थे, जबकि इंदर सिंह नामधारी झारखंड के पहले स्पीकर बने थे. इसके बाद लाल हेमेंन्द्र प्रताप देहाती (अब स्वर्गीय ), कमलेश कुमार सिंह, राधाकृष्ण किशोर, बैद्यनाथ राम, भानु प्रताप शाही, चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे, सुधा चौधरी और केएन त्रिपाठी मंत्री बने. वर्तमान में गढ़वा के विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर झारखंड के मंत्री हैं.

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें यहां पढ़ें

Also Read: Jharkhand Election 2024: वोटर लिस्ट में नाम है तो वोटर आईडी कार्ड के अलावा ये 12 दस्तावेज दिखाकर भी कर सकते हैं वोट

Also Read: Jharkhand Chunav 2024: झारखंड में अब तक 121.14 करोड़ के अवैध सामान और कैश जब्त, ये जिला अव्वल

Guru Swarup Mishra
Guru Swarup Mishrahttps://www.prabhatkhabar.com/
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

संबंधित ख़बरें

Trending News

जरूर पढ़ें

वायरल खबरें

ऐप पर पढें
होम आप का शहर
News Snap News Reel