लाइव अपडेट
तिरुवनंतपुरम के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू
मानसून के इंतजार के बीच केरल से अच्छी खबर सामने आ रही है. तिरुवनंतपुरम के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू हो गयी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में मानसून केरल में दस्त देगा.
उत्तर प्रदेश में गर्मी बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में पारा और बढ़ने की संभावना जतायी है. आईएमडी दिल्ली के क्षेत्रीय प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, 8-11 जून तक जून के कुछ भागों में तापमान 45°C तक जा सकता है.
दिल्ली में तापमान बढ़ा, लेकिन लू चलने की आशंका नहीं
दिल्ली में अधिकतम तापमान में धीरे धीरे वृद्धि होने का अनुमान है लेकिन अगले चार से पांच दिन तक लू चलने की आशंका नहीं है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी. राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने आज न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ कुछ समय के अंतराल पर बारिश होने से दिल्ली में जून महीने की शुरुआत में उतनी गर्मी नहीं रही थी, जितनी होती है. इस महीने में अधिकतम तापमान अब तक 40 डिग्री के नीचे रहा है. आईएमडी के अनुसार सफदरजंग वेधशाला ने इस साल अब तक लू की स्थिति दर्ज नहीं की है. ऐसा 2014 के बाद पहली बार हुआ है. (भाषा)
गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हुआ बिपोरजॉय
अरब सागर में इस साल उठने वाला पहला चक्रवाती तूफान बिपोरजॉय तेजी से गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है. मौसम वैज्ञानिकों ने इससे केरल में मानसून की धीमी शुरुआत होने और दक्षिणी प्रायद्वीप के आगे कमजोर प्रगति करने का पूर्वानुमान लगाया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से आज सुबह 08:30 बजे दी गई अपडेटेड जानकारी के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर में चक्रवाती तूफान बिपोरजॉय पिछले छह घंटे में 2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की तरफ बढ़ा और एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया. (भाषा)
विपरजॉय के गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गंभीर चक्रवाती तूफान विपरजॉय पूर्व-मध्य और आस-पास के दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर गोवा के पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में लगभग 890 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. इसके लगभग उत्तर की ओर बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान एक बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है.
Tweet