22.8 C
Ranchi

लेटेस्ट वीडियो

झारखंड के पूर्व मंत्री लालचंद महतो को स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने दी श्रद्धांजलि, बेरमो के दामोदर नद के तट पर होगा अंतिम संस्कार

झारखंड के पूर्व मंत्री लालचंद महतो को स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि अर्पित की. इससे पहले मंत्री बेबी देवी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की. बेरमो के दामोदर नद के तट पर इनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

रांची/बोकारो: झारखंड के पहले ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो के निधन पर शुक्रवार को विधानसभा परिसर में स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. रांची के लालपुर स्थित अमरावती अपार्टमेंट से उनका पार्थिव शरीर झारखंड विधानसभा परिसर लाया गया था. इससे पहले मंत्री बेबी देवी ने भी शोकाकुल परिवार से रांची के लालपुर स्थित अपार्टमेंट में मुलाकात कर ढाढ़स बंधाया और निधन पर शोक जताया. उनका पार्थिव शरीर रामगढ़, गोला, पेटरवार होते हुए बोकारो के बेरमो पहुंचेगा. दामोदर नद के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. बता दें कि गुरुवार की देर रात रांची में उनका निधन हो गया.

झारखंड को दिशा देने का किया था काम
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शोक जताते हुए कहा कि पूर्व ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो ने राज्य गठन के बाद प्रदेश को दिशा देने का काम किया था. झारखंड के विकास में उनके योगदान को भुला नहीं जा सकता है. वे हमेशा हमारे जेहन में रहेंगे. उनके निधन से वे मर्माहत हैं. झारखंड के इतिहास में उनका नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा.

खो दिया अपना अभिभावक
मंत्री बेबी देवी ने कहा कि लालचंद महतो के निधन से उन्होंने अपना अभिभावक को खो दिया. निधन की सूचना पर वे शुक्रवार की सुबह रांची के लालपुर स्थित अपार्टमेंट में पहुंचीं और शोक संतप्त परिवार से मिलीं व ढाढ़स बंधाया. बता दें कि लालचंद महतो की अंतिम यात्रा रांची से रामगढ़, गोला, पेटरवार, बहादुरपुर, जैनामोड़, पिछरी, फुसरो, नावाडीह होते हुए डुमरी पहुंचेगी और अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा.

Also Read: झारखंडः प्रदेश के पहले ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो का रांची में निधन, शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंची मंत्री बेबी देवी

दामोदर नद के तट पर होगा अंतिम संस्कार
बोकारो के बेरमो के बैदकारो स्थित पैतृक आवास से अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर रामविलास उच्च विद्यालय के समीप दामोदर नद के तट पर लाया जाएगा. इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.

बाथरूम में गिरने से हो गए थे बेहोश
पूर्व मंत्री लाललंद महतो के मंझले भाई हिंद मजदूर किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव इंद्रदेव महतो ने जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों से इनकी तबीयत खराब चल रही थी. गुरुवार की रात 11 बजे वह अमरावती अपार्टमेंट स्थित अपने फ्लैट के बाथरूम में गिर गए थे. इससे बेहोश हो गए. इन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया.

लालचंद महतो का सियासी सफर
लालचंद महतो तीन टर्म विधायक रहे. झारखंड के पहले ऊर्जा मंत्री रहे. 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर वे पहली बार जीते और विधानसभा पहुंचे. 1990 में दूसरी बार इन्होंने जनता दल के टिकट पर जीत हासिल की. 2000 में जनता दल यू से विधानसभा पहुंचे.

Guru Swarup Mishra
Guru Swarup Mishrahttps://www.prabhatkhabar.com/
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

संबंधित ख़बरें

Trending News

जरूर पढ़ें

वायरल खबरें

ऐप पर पढें
होम आप का शहर
News Snap News Reel