Patna News: बिहार सरकार ने पटना स्मार्ट सिटी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए 836.27 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं. यह राशि 2025-26 के वित्तीय वर्ष में शहर के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी. केंद्र सरकार से प्राप्त राशि के अलावा यह बजट पटना स्मार्ट सिटी को तेजी से विकसित करने में मदद करेगा.
स्मार्ट सिटी को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम
केंद्र सरकार ने स्मार्ट सिटी परियोजना को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया है. अब पटना स्मार्ट सिटी को अपने संसाधनों से आय अर्जित करने के लिए विशेष परियोजनाएं शुरू करनी होंगी. इसी उद्देश्य से बिहार सरकार ने पटना समेत अन्य शहरों को विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता दी है.
शहर में स्थायी पिंक टॉयलेट का निर्माण
महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर में स्थायी पिंक टॉयलेट बनाने की भी घोषणा की गई है. इससे पहले पटना नगर निगम ने महिलाओं के लिए चलंत पिंक टॉयलेट की सुविधा शुरू की थी. लेकिन, अब स्थायी संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा. जिससे महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालय की सुविधा मिल सके.
कैसे बदलेगी पटना की सूरत?
- 836 करोड़ की राशि से प्रमुख विकास परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा.
- स्मार्ट सिटी के तहत नई परियोजनाएं लॉन्च होंगी, जिससे खुद की कमाई बढ़ाई जा सके.
- शहर में आधुनिक बुनियादी ढांचे, सड़कें, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन को बेहतर किया जाएगा.
- महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण, जिससे सुरक्षित और स्वच्छ सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
पटना स्मार्ट सिटी को आत्मनिर्भर बनाने की इस नई नीति के तहत आने वाले वर्षों में शहर का विकास और तेजी से होगा. जिससे पटना को एक आधुनिक और सुविधाजनक स्मार्ट सिटी के रूप में स्थापित किया जा सके.
पढ़िए प्रभात खबर की प्रीमियम स्टोरी: बिम्बिसार ने अपनी सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था से मगध को किया सशक्त, ऐसे हुआ पतन